भाजपा के नये जिलाध्यक्ष की रेस में दावेदार कर रहे कयास


संपादक नागेश्वर चौधरी
महराजगंज: राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री और जिले के संगठनात्मक चुनावों के प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह गुरुवार को शहर में आ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस यात्रा का एजेंडा है भाजपा के नये जिलाध्यक्ष के लिए रायशुमारी करना। कल से ही भाजपा के नये जिलाध्यक्ष पद के दावेदार अपने-अपने पर्चे दाखिल करेंगे लेकिन असली सवाल यह कि नया जिलाध्यक्ष होगा कौन? हाईकमान किसके नाम पर अपनी सहमति देगा,इसे लेकर गुणा-गणित का खेल जारी है।
भाजपाई राजनीति के जानकार बताते हैं कि मामला अंतिम दौर में है और दो से तीन दिन में अगले जिलाध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जायेगा। अगर दावेदारों की बात करें तो वर्तमान जिलाध्यक्ष संजय पांडेय के सितारे मजबूत स्थिति में हैं लेकिन इनको टक्कर देने के लिए अपने-अपने स्तर पर परदेसी रविदास,अरुणेश शुक्ला,अश्विनी सिंह उर्फ मधु,प्रदीप सिंह,अरुण शुक्ला,ओम प्रकाश पटेल,आशुतोष शुक्ला जोर-शोर से भिड़े हैं। इनके अलावा जमीनों का कारोबार करने वाला शहर का एक भू-माफिया भी बहती गंगा में हाथ धो लेना चाहता है और अपने स्तर से इस मलाईदार हाथ को हथियाने के लिए जोर-शोर से न सिर्फ लगा है बल्कि धन की थैली भी लेकर परिक्रमा कर रहा है। अब देखने वाली बात यह है कि कौन नेता किसके साथ खड़ा होता है और किसकी मदद करता है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि जिले में भाजपा के दो गुटों के बीच की आपसी लड़ाई के अलावा ये दावेदार जिले के बाहर तक के बड़े नेताओं के यहां परिक्रमा कर रहे हैं कि कहीं से कोई ठीक लिंक मिल जाये तो मामला चकाचक हो जाये। इनमें से एक नाम ने तो राज्य के एक बड़े नेता से दिल्ली तक अपनी पैरवी जोर-शोर से करा डाली है। ये नेताजी दिल्ली के 6A,पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग की चरणधूलि भी ले आये हैं। कुल मिलाकर जिले की राजनीति में किसका दबदबा है काफी कुछ नये जिलाध्यक्ष की ताजपोशी से साफ हो जायेगा।