यूपी की राजधानी में एचएमपी वायरस ने दी दस्तक,60 वर्षीय महिला संक्रमित


मुन्ना अंसारी राज्य ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चीन के ह्यूमन मेटाक्यूमो वायरस ने दस्तक दे दी है। गुरुवार को एचएमपीवी पीड़ित महिला को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला में इस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है,केवल उसके लक्षण मिले हैं। महिला की जांच के लिए केजीएमयू नमूना भेजा गया है।
बताया जाता है कि जिस महिला में इस वायरस के लक्षण मिले हैं उसका इलाज जारी है। डॉक्टर इसकी पुष्टि करने से पहले नमूने की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन डॉक्टरों की माने तो उस महिला में एचएमपीवी वायरस के लक्षण हैं। हालांकि देश में अभी तक इसके चार मरीज मिल चुके हैं। सबसे पहला केस कर्नाटक के बेंगलुरु में मिला था,इसके बाद अहमदाबाद में भी एक एचएमपीवी वायरस संक्रमण के मरीज की पुष्टि हुई थी। जबकि बुधवार को मुंबई में एक मरीज मिला है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों लखनऊ में बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश दिया था। तब सीएम योगी ने अपने निर्देश में कहा था कि सर्दी,खांसी,श्वास से जुड़े मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी संभावित है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने की आवश्यकता है। सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। जांच हो या दवाओं की उपलब्धता सभी सुविधाएं बेहत्तर होनी चाहिए।