कोल्हुई -लक्ष्मीपुर

साथी तेंदुए की तलाश में मझौली के सिवान में भटकता दिखा तेंदुआ,गांव में दहशत

Spread the love




अतुल कुमार श्रीवास्तव संवाददाता
लक्ष्मीपुर। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के कोल्हुई थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जंगल से सटे गांवों में साथी तेंदुए के तलाश में मझौली के सिवान में आए दिन भटक रहा। शुक्रवार को शाम मझौली गांव के खेत सिवान में ग्रामीणों ने एक तेंदुए को विचरण करते हुए देखा,जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। पिछले कई दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की खबरें आ रही थीं,लेकिन वन विभाग की टीमें अब तक उसे पकड़ने में नाकाम रही हैं। 4 जनवरी को कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझौली के मस्जिद में अचानक तेंदुआ घुसा और चार लोगों को घायल कर दिया था। बाद में जाल में फंसाने के दौरान तेंदुए की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद तेदुआ अपनी साथी की तलाश में जगह जगह भटकने लगा। कुछ दिन पहले विशुनपुर कुर्थीया व ग्राम पंचायत सोंधी स्थित सरदार पटेल इंटर कालेज के निकट ग्रामीणों ने दो शावकों सहित एक तेंदुआ को घुमते देखा गया था। इसके बाद एकमा,लक्ष्मीपुर कई स्थानों पर तेंदुए के पदचिन्हों को ग्रामीणों ने देखा। इसके पहले 24 जनवरी को मझौली के सिवान में देखा गया था। अभी कुछ ही दिन बीते थे कि 8 फरवरी को पुनः लक्ष्मीपुर वन क्षेत्र के मझौली में एक बार फिर तेंदुए की दहाड़ से लोगो की नीँद गायब हो गया। जिससे गांव में दहशत बनी हुई है। आये दिन तेंदुए की वारदात से ग्रामीणों मे दहशत बना हुआ है।वही वन विभाग की टीम के बार बार प्रयास के बाद भी तेंदुए की खोज टीम नही कर पाई। तेंदुए के सिवान में देखे जाने के बाद स्थानीय लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। बच्चों और मवेशियों को लेकर सबसे ज्यादा चिंता बनी हुई है। कई लोगों ने दावा किया कि तेंदुआ रात के समय बस्ती के करीब भी आ चुका है। लेकिन वन विभाग इस खतरे को गंभीरता से नहीं ले रहा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वन विभाग को सूचित किया गया,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर तो पहुंची,लेकिन तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा सकी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए या फिर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोग विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लक्ष्मीपुर वन क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वनविभाग की टीम सक्रिय है। गांव में पिंजरा लगाने और अन्य जरूरी कदम उठाने की योजना बनाई जा रही है। अधिकारी ने ग्रामीणों से संयम बनाए रखने और वन विभाग का सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »
error: Content is protected !!