मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक: पुलिस ने विभिन्न स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर सशक्तिकरण का दिया संदेश

उप संपादक पंकज मणि त्रिपाठी
महराजगंज: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बुधवार को महिला पुलिस टीम ने विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों का दौरा कर छात्राओं को जागरूक किया। छात्राओं को उनके सुरक्षा के संबंध में कानूनी अधिकारों एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान कर उन्हें सतर्क और सशक्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक,सोमेंद्र मीना एवं अपर पुलिस अधीक्षक,आतिश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे“मिशन शक्ति”अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाना है।
इसी क्रम जनपद के थाना फरेंदा क्षेत्र में महिला उपनिरीक्षक अंजली राय,महिला आरक्षी दीपिका मिश्रा व मनीष गौतम द्वारा लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज,थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र में महिला उपनिरीक्षक साक्षी सिंह,महिला आरक्षी अंजली मिश्रा व सोनी वर्मा द्वारा हैप्पी पब्लिक इंटर कॉलेज में,तथा महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी व लकी पटेल द्वारा सेंट जोसेफ स्कूल कस्बा सिसवा बाजार में मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीमों के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को बाल श्रम,बाल विवाह,महिला सुरक्षा,साइबर अपराध,दहेज उत्पीड़न जैसे महिला अपराधों से संबंधित विभिन्न विषयों पर शिक्षित किया गया। इसके अतिरिक्त,उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे वूमेन पॉवर लाइन-1090,महिला हेल्पलाइन-181,मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076,पुलिस आपातकालीन सेवा-112,चाइल्ड लाइन-1098,स्वास्थ्य सेवा-102 आदि की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम द्वारा छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने हेतु शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए मिशन शक्ति (फेज-5.0) अभियान से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।