महराजगंज आरटीओ पहुंचे गोरखपुर के आरटीओ अफसरों और कर्मचारियों में मची खलबली

उप संपादक पंकज मणि त्रिपाठी
महराजगंज। जनपद का क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय इन दिनों विवादों के भंवर में फंसा हुआ है। घोटालों,अनुशासनहीनता और अधिकारी-कर्मचारी विवादों के चलते विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को गोरखपुर के आरटीओ रामवृक्ष सोनकर के अचानक महराजगंज कार्यालय पहुंचने से अफसरों और कर्मचारियों में खलबली मच गई।
जानकारी के अनुसार,महराजगंज के एआरटीओ विनय कुमार पर बीते कुछ महीनों से कई गंभीर आरोप लगे हैं। इन्हीं आरोपों के चलते वे बीते सप्ताह से लम्बी छुट्टी पर चले गए हैं,जिससे विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इन सबके बीच हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें एक कर्मचारी एआरटीओ कार्यालय परिसर में गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो आग में घी डालने का काम कर गया और विभाग की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए।
एआरटीओ विनय कुमार के छुट्टी पर जाने के बाद विभाग को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सिद्धार्थनगर के एआरटीओ सुरेश मौर्य को महराजगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। लेकिन विवादों की वजह से सामान्य कार्य भी प्रभावित होते नजर आ रहे हैं।
वहीं मंगलवार को जब गोरखपुर के आरटीओ रामवृक्ष सोनकर अचानक महराजगंज आरटीओ कार्यालय पहुंचे,तो कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। दफ्तर में अचानक गहमा-गहमी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी तो उनसे नजरें चुराते हुए टालमटोल करते नजर आए। सूत्रों का कहना है कि आरटीओ सोनकर ने विभागीय कार्यों और आंतरिक अनुशासन को लेकर गोपनीय समीक्षा की और कई कर्मचारियों से बंद कमरे में चर्चा की। जानकारी के मुताबिक,कुछ कर्मचारियों ने मामले पर खुलकर बोलने से परहेज किया,जबकि कुछ ने अनौपचारिक रूप से विभागीय अनियमितताओं की ओर इशारा किया। बता दें कि मंगलवार को गोरखपुर के आरटीओ रामवृक्ष सोनकर के अचानक महराजगंज कार्यालय पहुंचने से अफसरों और कर्मचारियों में खलबली मच गई है।