अस्पताल में सामान्य प्रसव के साथ-साथ नियोजित सिजेरियन डिलीवरी की भी सुविधा उपलब्ध – डॉ.कौमुदी राज

उप संपादक पंकज मणि त्रिपाठी
महराजगंज। अनुमंडल अस्पताल महराजगंज में मातृ और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है। अस्पताल में सामान्य प्रसव के साथ-साथ नियोजित सिजेरियन डिलीवरी की भी सुविधा उपलब्ध है। यह सेवा प्रत्येक बुधवार को स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.कौमुदी राज के नेतृत्व में प्रदान की जाती है।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ.एस.एस.कुमार ने बताया कि अस्पताल में न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर (एनआरसी) यानी पोषण पुनर्वास केंद्र भी संचालित है,जहां कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की पहचान ओपीडी में की जाती है। जरूरत के अनुसार उन्हें भर्ती कर समय-समय पर पोषण युक्त आहार और आवश्यक दवाएं दी जाती हैं।
एनआरसी में बच्चों की देखभाल के लिए वातानुकूलित कमरे,साफ-सुथरे बिस्तर,खेलने के लिए खिलौने और अटेंडेंट को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था है। बच्चों के साथ उनकी मां को भी उचित रहने और पोषणयुक्त भोजन के साथ प्रतिदिन ₹100 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अलावा बच्चों की नियमित जांच विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की जाती है और आवश्यकतानुसार सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।