मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी की जारी

संपादक नागेश्वर चौधरी
नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी के बाद लोगों को बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 19 से 22 जून तक मध्य प्रदेश विदर्भ छत्तीसगढ़ बंगाल बिहार झारखंड और ओडिशा में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा और झारखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
देशभर में भीषण गर्मी के बाद लोगों को बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से लेकर 22 जून के दौरान मध्य प्रदेश,विदर्भ,छत्तीसगढ़,पश्चिम बंगाल और गंगा के मैदान,बिहार,झारखंड,ओडिशा में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है।
19, 22 और 23 जून को उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने ओडिशा और झारखंड में आज और कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज बिहार में भारी बारिश हो सकती है। 19 और 20 जून को झारखंड में तेज बारिश हो सकती है। 19-24 जून के दौरान गुजरात,कोंकण, गोवा,मध्य महाराष्ट्र,मराठवाड़ा के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 19 जून को तमिलनाडु,पुडुचेरी,कराईकल,केरल,माहे,लक्षद्वीप,कर्नाटक,तटीय आंध्र प्रदेश,यनम,रायलसीमा और तेलंगाना में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि 19 से लेकर 24 जून के दौरान उत्तराखंड,उत्तर प्रदेश,पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 22 जून को जम्मू-कश्मीर,लद्दाख,गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और 20 से 23 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश,पंजाब,हरियाणा,चंडीगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है और उसके बाद कोई बड़े बदलाव के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बुधवार को आधिकारिक रूप से उत्तर प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में पहुंच गया। यूपी में मॉनसून के पहुंचने के बाद भारी बारिश हुई है। हालांकि,मॉनसून 13 जून की अपनी सामान्य तिथि से पांच दिन की देरी से पहुंचा है।
हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून के पहुंचने के संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून पहुंच सकता है। राज्य में शनिवार और रविवार के लिए कुथ स्थानों पर भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।