
सुधीर कुमार मिश्रा समाचार संपादक
महराजगंज: मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के निर्देश के क्रम में वृक्षारोपण अभियान अंतर्गत लुप्तप्राय नदी छोटी रोहिन को पुनर्जीवित करने के कार्य का शुभारंभ विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी,जिलाधिकारी संतोष शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक नौतनवा ने कहा मुख्यमंत्री जी द्वारा सभी जनपदों में विलुप्तप्राय नदियों को पुनर्जीवित करने का भागीरथ प्रयास किया जा रहा है। नदियों के पुनर्जीवन से सिर्फ जल ही नहीं मिलेगा,बल्कि स्थानीय संस्कृति और पहचान का भी पुनर्जन्म होगा। उन्होंने कहा कि नदी के तट पर स्थित सभी गांवों के वासियों से अनुरोध है कि इस भागीरथ प्रयास में आप भी साझेदार बनें।
जिलाधिकारी ने कहा कि विलुप्त हो रही नदियों का पुनर्जीवन मुख्यमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत न सिर्फ नदियों की गाद निकालने के अलावा नदी के किनारे वृक्षारोपण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नदियों से स्थानीय पहचान,संस्कृति और अर्थव्यवस्था गहरे से जुड़ी होती हैं। छोटी रोहिण के पुनर्जीवन से इसके किनारे बसे गांवों को भी नया जीवन मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में आज इस पुनीत कार्य का शुभारंभ विधायक और जिलाधिकारी के हाथों से किया गया है। हमारा पूरा प्रयास होगा कि छोटी रोहिण नदी अगले एक वर्ष में अपने मूल स्वरूप में सबके समक्ष हो। नदी पुनर्जीवन योजना के तहत छोटी रोहिण नदी को राजस्व विभाग के अभिलेखों के अनुसार उसके मूल रूप में लाने का कार्य किया जाएगा। यह कार्य मनरेगा के माध्यम से किया जाएगा,जिसमें 57962 मानव दिवस सृजित होंगे। नदी को पुनर्जीवित करने हेतु नदी की सफाई, उसके किनारों का चौड़ीकरण और उसके किनारों पर वृहद वृक्षारोपण का कार्य किया जाएगा।
छोटी रोहिण नदी कुल 19 किमी लंबी है,जो लक्ष्मीपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत टेढ़ी दशरथपुर से होते हुए कजरी,लालपुर,कल्याणपुर,भगवानपुर,बसंतपुर,रघुनाथपुर होते हुए जलालगढ़ में समाप्त होती है।