सभी लोग कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और पूरा प्रयास करें कि वह पौधा सुरक्षित रहे: गिरीश चंद्र मिश्रा

संपादक नागेश्वर चौधरी
महराजगंज। उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश ललित कला अकादमी गिरीश चंद्र मिश्रा और नोडल अधिकारी व सचिव नगर विकास अनुज कुमार झा द्वारा जनपद में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया गया। पौधरोपण अभियान का शुभारंभ 22वीं वाहिनी एसएसबी में पौधारोपण के साथ किया गया। सबसे पहले उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश ललित कला अकादमी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया।

इसके उपरांत जिला पंचायत उपाध्यक्ष महराजगंज,नोडल अधिकारी,विधायक सदर,मुख्य विकास अधिकारी,डीएफओ,विधायक सिसवा,कमांडेंट 22वीं वाहिनी एसएसबी,अध्यक्ष नगर पालिका परिषद महराजगंज सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा महोगनी के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके उपरांत एसएसबी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों ने सेल्फी भी खिंचवाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 37 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पेड़-पौधों का विशेष महत्व है। विवाह,पर्व सहित विभिन्न अवसरों पर केला,तुलसी,बरगद,पीपल आदि की पूजा की जाती है। इनकी पूजा के पीछे इनका हमारे जीवन में महत्व निहित है। कहा कि अगर हम धरती को मां मानते हैं तो इसके वृक्ष रूपी श्रृंगार की सुरक्षा हमारा दायित्व है।

उपाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश सबसे कम वृक्षावरण वाले प्रदेशों में सम्मिलित है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा वृक्षारोपण को एक जनअभियान के रूप चलाया गया। इसका परिणाम है कि आज प्रदेश के वृक्षावरण में लगभग 01% की वृद्धि हुई है। उन्होंने अपील की सभी लोग कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और पूरा प्रयास करें कि वह पौधा सुरक्षित रहे।

नोडल अधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम भारत और उत्तर प्रदेश सरकार का बेहद अहम कार्यक्रम है। वर्ष 2025 में सरकार का लक्ष्य पूरे प्रदेश में 37
करोड़ पौधे लगाने का है। इसमें 40 लाख से अधिक पौधे जनपद महराजगंज में लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान शहर हो या गांव सभी जगह चलाया जा रहा है।
आज के समय में जब पर्यावरण संकट गंभीर होता जा रहा है। यह अभियान इस संकट का सामना करने की सरकार और आमजन की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। कहा कि निश्चित रूप से पर्यावरण संकट हमारे दरवाजे पर खड़ा है,लेकिन यह अभियान हमे आशा दिलाता है कि हम इस संकट का सामना कर सकते हैं।

विधायक सदर ने अपने संबोधन में कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए उतने ही आवश्यक हैं जितनी हमारी सांसें। यह पहल न केवल पर्यावरण की सुरक्षा है,बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का अनोखा तरीका भी है। विधायक ने कहा कि जिस तरह एक मां हमें जीवन देती है,ठीक उसी प्रकार पेड़ भी हमें शुद्ध हवा,फल,छाया और जीवन का आधार प्रदान करते हैं। बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच पेड़ लगाना अब शौक नहीं,बल्कि जरूरत बन चुका है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसका पालन-पोषण उसी तरह करें जैसे अपने परिवार के सदस्य का करते हैं। उन्होंने प्रशासन और नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस मिशन को जन आंदोलन का रूप दें।

विधायक सिसवा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण अभियान को मोदी जी और योगी जी द्वारा जन अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है। हर साल इतने व्यापक स्तर पर इस अभियान का आयोजन हमारे भविष्य के लिए पेड़ों के महत्व को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि विगत दिनों कई बीमारियां पर्यावरण प्रदूषण के कारण हुईं। इसीलिए हमारे स्वास्थ्य के लिए पौधारोपण अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ उसे बचाने की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और इसका निर्वहन हम सबको मिलकर करना होगा। जिलाधिकारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि जनपद में वृक्षारोपण अभियान 2025 के तहत लगभग 41 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं,जबकि प्रदेश में 37 करोड़ पौधों को लगाने का लक्ष्य है। यह एक मैराथन कार्य है। लेकिन मा नोडल अधिकारी महोदय के निर्देशन में हम लोग सफलतापूर्वक इस कार्य को कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 90 वृहद वृक्षारोपण स्थलों सहित कुल 31913 स्थलों पर वृक्षारोपण किया का रहा है। इस अभियान में छोटे से लेकर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के अलावा,जनप्रतिनिधि,किसान,विद्यार्थी और आमजन इस अभियान में बढ़चढ़ कर प्रतिभाग कर रहे। जिलाधिकारी ने सभी से एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की।

धन्यवाद ज्ञापन डीएफओ महराजगंज द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों को जिला प्रशासन द्वारा चंदन का पौधा भेंट किया गया। वृक्षारोपण अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों में आयोजित भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में अनीता,अनुराधा,श्रृष्टि पटेल और भाषण प्रतियोगिता जासमीन,शिवम गुप्ता को मंच से पुरस्कृत किया गया। इससे पूर्व प्राथमिक विद्यालय बागापार द्वितीय की बच्चियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत पर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सोनरा की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वृक्षारोपण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन,कमांडेंट 22वीं वाहिनी एसएसबी शक्ति सिंह ठाकुर,सीएमओ डॉ श्रीकांत शुक्ला,डीडीओ बी.एन.कन्नौजिया,पीडी रामदरश चौधरी सहित अन्य अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।