कोल्हुई थाना क्षेत्र के नहर में नहाते समय एक मजदूर की डूबकर मौत
कार्यदायी संस्था पीएनसी द्वारा पुलिया व हाईवे का काम करने यह मजदूर सत्येन्द्र बदायूं जिले से आया था

अतुल कुमार श्रीवास्तव संवाददाता
कोल्हुई: थाना क्षेत्र के कुशहा गांव के पास नहर में नहाते समय एक शख्स की डूबकर मौत हो गई है। कार्यदायी संस्था पीएनसी द्वारा बनवाई जा रही पुलिया व हाईवे का काम करने यह मजदूर सत्येन्द्र बदायूं का रहने वाला था। अपने साथियों के साथ साइट के बगल स्थित नहर में नहाने गया था और इसी दौरान गहरे पानी में डूब गया। इस शख्स को नहर से निकालने के लिए ग्रामीणों के साथ साहस दिखाते हुए दरोगा अंजनी कुमार ने नहर में छलांग लगा दी,लेकिन जब तक मजदूर को निकाला जाता,वह दम तोड़ चुका था। कोल्हुई के कुशहा गांव के पास गोरखपुर-सोनौली हाईवे निर्माण के क्रम में पुलिया बनवाई जा रही है। इसी पुलिया पर काम करने के लिए बदायूं निवासी मजदूर सत्येन्द्र अपने साथियों के साथ आया था। रविवार को सत्येंद्र अपने साथियो के साथ साइट के बगल नहर में नहाने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में चला गया। साथ में नहा रहे उसके साथियों ने उसको ढूंढने का काफी प्रयास किया,लेकिन सफलता नहीं मिली। मजदूर के डूबने की सूचना पूरे क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गयी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही एसआई अंजनी कुमार और हरीश मौर्या भी पहुंच कर ग्रामीणों के साथ डूबे शख्स को निकालने में जुट गए। दो घंटे की कोशिश के बाद भी जब मजदूर का पता नहीं चला तो एसआई अंजनी कुमार ने भी नहर में छलांग लगा दी। इसके बाद मजदूर का शव नहर से बाहर निकाला जा सका। दरोगा के साहस की हो रही तारीफ मजदूर का पता न लगता देख दरोगा ने लोगों का हौंसला बढ़ाने के लिए वर्दी में ही नहर में छलांग लगा दी। इसके बाद मौके पर मौजूद दर्जनों युवक भी मदद के लिए नहर में उतर गए। थोड़ी देर के प्रयास के बाद शव पानी के अंदर से बरामद कर निकाल लिया गया। एसओ आशीष सिंह ने बताया कि मृतक सत्येंद्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजा गया है। साथियों की मदद से सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।