उपनिरीक्षक शहनवाज अहमद को पुलिस अनुसंधान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया सम्मानित


-उपनिरीक्षक शहनवाज अहमद ने गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया
-लखनऊ में राज्य स्तरीय पुलिस अनुसंधान प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया
-पुलिस अधीक्षक ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया
प्रांजल केसरी
महराजगंज: उपनिरीक्षक शहनवाज अहमद ने 67वीं अंतर्जनपदीय वैज्ञानिक अनुसंधान और पुलिस फोटोग्राफी प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से महराजगंज पुलिस का मान बढ़ाया है। दिनांक 17-19 अक्टूबर 2024 को गोरखपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में उपनिरीक्षक अहमद ने प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपनी क्षमता साबित की,बल्कि पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि को भी सुदृढ़ किया।
इसके अतिरिक्त,उन्होंने दिनांक 26-29 नवंबर 2024 को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय 67वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए क्राइम इन्वेस्टिगेशन इवेंट में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनके इस प्रदर्शन को विशेष रूप से सराहा गया।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने उपनिरीक्षक शहनवाज अहमद को उनकी उपलब्धियों के लिए मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा,”उपनिरीक्षक अहमद का प्रदर्शन विभाग के लिए प्रेरणादायक है। उनकी मेहनत और लगन न केवल विभाग को गौरवान्वित करती है,बल्कि अन्य अधिकारियों के लिए भी एक उदाहरण प्रस्तुत करती है।”
गोरखपुर में हुई प्रतियोगिता में मिली उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. गौरव ग्रोवर ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिस अधिकारियों को तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान में पारंगत बनने का अवसर देती हैं।
उपनिरीक्षक शहनवाज अहमद की इस उपलब्धि ने महराजगंज पुलिस और गोरखपुर जोन दोनों का नाम रोशन किया है। उनके प्रयास पुलिस विभाग की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को और सशक्त करेंगे।